Aligarh

Aligarh: पत्नी के अत्याचारों से तंग आकर पति ने ली पुलिस की शरण

अलीगढ़ः भुजपुरा थाना क्षेत्र के एक युवक ने अपनी पत्नी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि निकाह के बाद से ही पत्नी आए दिन झगड़ती है। तीन दिन पहले उसने तकिये से मुंह दबाकर मारने का प्रयास किया। इसके बाद बेलन से मारपीट की। फिर हाथ मरोड़ दिया, जिससे उसका कंधा उतर गया। बताया जा रहा है कि हाथ की हड्डी टूट गई। लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपी पत्नी के विरूद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।

दरअसल कोतवाली नगर क्षेत्र के भुजपुरा ठाकुर वाली गली निवासी वाजिद खान बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई 2022 को बुलंदशहर के डिबाई निवासी इसरा से उसका निकाह हुआ था। आरोप है कि 15 दिन बाद ही छोटी-छोटी बातों को लेकर पत्नी ने झगड़ना शुरू कर दिया। कई बार मारपीट की गई। ससुरालियों से शिकायत की तो उल्टा बेटी का पक्ष लेने लगे। कहा कि निकाह में खर्च छह लाख रूपये दे दो। नहीं तो बेटी साथ ही रहेगी। बड़े बदमाशों का नाम लेकर धमकाया। सोमवार रात नौ बजे वाजिद अपने बच्चे की दवा दिलाकर घर लौटा था। थकावट के चलते वह कमरे में लेट गया। तभी पत्नी ने तकिया से मुंह दबा दिया। वाजिद ने शोर मचाया तो गाली-गलौज करते हुए पास में रखे बेलन से उसे पीटा। इसके बाद हाथ मरोड़ दिया। उसके हाथ में गंभीर चोट आई है। साथ ही कंधा उतर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए, जिन्होंने बचाया। वाजिद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ प्रथम अभय पांडेय ने बताया कि इसरा के खिलाफ गाली गलौज, धमकी देने व मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *